पुलिस जांच में जुटी
अजीतमल के विधिपुरा गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों से उठेगा पर्दा
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की ऊंचा चौकी अंतर्गत विधिपुरा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर 20 वर्षीय युवती का शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, विधिपुरा निवासी संतोषी (20) पुत्री किशन सिंह शनिवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह के साथ मौके का निरीक्षण किया और जांच के आवश्यक निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती का शव दुपट्टे के सहारे आम के पेड़ पर लटका मिला है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में शोक के साथ दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







