एसपी आकाश पटेल और सीडीओ आर. जगत साई ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, अनुशासन और सेवाभाव की सराहना
चंदौली। वाराणसी एवं चंदौली में आयोजित भव्य एयर शो के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
एयर शो जैसे बड़े आयोजन के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और सेवाभाव का परिचय देते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। कैडेट्स के समर्पण और सक्रिय सहभागिता की अधिकारियों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं का यह प्रयास अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। कैडेट्स ने प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
अधिकारियों ने सम्मानित कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी उत्साह, अनुशासन और निष्ठा के साथ राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में युवाओं की भागीदारी से उनमें नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और टीम भावना का विकास होता है।
सम्मान समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।





















