एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण अपलोड करने के निर्देश, आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया होगी आसान
चंदौली, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विकसित नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति सूचना निदेशक विशाल सिंह ने दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन पात्र पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं।
इस संबंध में सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्टेट हेल्थ एजेंसी और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल के संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान लाइव डेमो के माध्यम से पात्र पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, विवरण का सत्यापन करने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आसान हो सके। उन्होंने सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पात्र पत्रकारों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने और इसकी सूचना मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कराई जाएं, जिससे पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जारी करने की आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





















