55 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मिली उपज
राजापुररानी में फसल उत्पादकता का लिया जायजा, किसानों से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने की अपील
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शुक्रवार को विकास खंड हरिहरपुर रानी के ग्राम राजापुररानी में किसान हरिभजन के खेत पर पहुंचकर धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने सामने धान की फसल कटवाकर उसकी उत्पादकता का आकलन कराया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत गाटा संख्या 1373 के 43.3 वर्गमीटर क्षेत्रफल में क्रॉप कटिंग की गई। कटाई के बाद मड़ाई कर धान का वजन कराया गया, जिसमें कुल 23.85 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर धान की उत्पादकता 55 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष क्रॉप कटिंग कराई जाती है, जिससे किसानों की फसल उत्पादन क्षमता का वास्तविक आकलन किया जा सके। इसके आधार पर फसल की उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जनपद में धान खरीद के लिए 42 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें धान का उचित मूल्य मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण अथवा नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। किसान स्वयं या जनसूचना केंद्रों तथा किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण और नवीनीकरण करा सकते हैं।
इस दौरान तहसीलदार भिनगा सौरभ सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर दीक्षा अग्रवाल, अपर सांख्यिकी अधिकारी अविनाश कुशवाहा, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





















