बाराबंकी। असन्दरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को निर्माणाधीन भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग पर सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सहित दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया।
असन्दरा थाना क्षेत्र के चंद्रमनपुरवा निवासी लकी मिश्रा (40) ई-रिक्शा लेकर असन्दरा चौराहे से भिटरिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में खुसेहटी गांव के पास भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण निर्माण कार्य के चलते सड़क की पटरी पर गिट्टी पड़ी थी। इसी दौरान ई-रिक्शा गड्ढे और गिट्टी में फंसकर पलट गया।
हादसे में ई-रिक्शा चालक लकी मिश्रा के सिर में गंभीर चोट आई जबकि ई रिक्शा पर बैठे बाबूलाल (45) निवासी कचरूवा, हैदरगढ़ को मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने लकी मिश्रा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया और बाबूलाल को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।








