जनपद न्यायाधीश विनय कुमार ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, बार-बेंच समन्वय पर दिया जोर
सादाबाद (हाथरस)। स्थानीय अन्नपूर्णा सेवा सदन में मंगलवार को दी बार एसोसिएशन, सादाबाद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह के मुख्य अतिथि विनय कुमार रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित सहित सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिव किशोर गौड़, सीजेएम सूरज मिश्रा, प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार डूंगरा कोट्टी, जेएम नेपाल सिंह, एसीजेएम आकांक्षा तिवारी, एसडीएम रितु सिरोही, तहसीलदार सोनू बघेल तथा नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा सहित कई न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बार और बेंच के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नई कार्यकारिणी
- अध्यक्ष: अनिल कुमार दीक्षित
- सचिव: हमवीर सिंह
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: मनोज बधोतिया
- कनिष्ठ उपाध्यक्ष: कृष्णगोपाल चतुर्वेदी एवं नवीन शर्मा
- कोषाध्यक्ष: निशा गौतम
- संयुक्त सचिव: अरुण चौधरी, राजेश कुमार शर्मा एवं हरिओम गिरि
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सुरेंद्र पाराशर ने किया। समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।







