वन महोत्सव अभियान का पर्यावरण जागरूकता रैली के साथ समापन, छात्र-छात्राओं ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
बाराबंकी। कृति पब्लिक स्कूल, भगवानपुर द्वारा आयोजित वन महोत्सव अभियान का समापन मंगलवार को पर्यावरण जागरूकता रैली के साथ हुआ। तहसील परिसर से उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. फरज़ाना शकील अली ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तख्तियां लेकर नगर की प्रमुख सड़कों पर जनजागरूकता अभियान चलाया। “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “हरियाली है जीवन की खुशहाली” और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, वन महोत्सव अभियान के तहत विद्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्रों और विद्यार्थियों के घरों में 2000 से अधिक पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प दिलाया गया।
रैली के दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय व्यापारियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यदि युवा पीढ़ी प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझेगी, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा।







