थाना प्रभारियों से खुद की बात, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतों से संबंधित 17 प्रार्थना पत्र सौंपे। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
जनता दर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने शिकायतों के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों को उनकी शिकायतों का न्यायोचित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले लोगों के साथ शिष्ट और विनम्र व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए उसके तथ्यों और गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।





















