बस्ती। जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के चिलमा कस्बे में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय सामने आई जब मकान मालिक इलाज कराकर मुंबई से वापस घर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, चिलमा कस्बा निवासी संदीप पांडेय लगभग एक माह पूर्व अपने परिवार के साथ इलाज के लिए मुंबई गए थे। मंगलवार को घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि घर के कमरों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। घर के पीछे का दरवाजा भी टूटा हुआ मिला।
पीड़ित संदीप पांडेय के मुताबिक, चोरों ने कमरे में रखे बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर उनमें रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना तत्काल दुबौलिया पुलिस और डायल 112 को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की सूची तैयार कर पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।







