चंदौली (मुगलसराय)। बिहार में कथित फर्जी मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को मुगलसराय में युवाओं ने कैंडिल मार्च निकाला।
कैंडिल मार्च इंडियन इंस्टीट्यूट परिसर से प्रारंभ होकर सुभाष पार्क तक पहुंचा। इस दौरान युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
युवा नेता पीयूष चौबे ने कहा कि बिहार में भरत भूषण तिवारी का कथित फर्जी एनकाउंटर अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने तथा उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
कैंडिल मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर मृतक के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और न्याय की मांग को बुलंद किया।








