महेवा जूनियर हाईस्कूल के समीप मिला 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। महेवा जूनियर हाईस्कूल के समीप स्थित महेवा-गौरी माइनर पुल पर करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का गला रेतकर हत्या किए जाने के बाद शव फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सुबह टहलने निकले राहगीरों ने पुल पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है।
पुलिस ने शव की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।








