गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के कहला फ्लाईओवर पर तड़के हुआ हादसा, केबिन में फंसे चालक का शव क्रेन की मदद से निकाला गया
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-वाराणसी हाईवे स्थित कहला फ्लाईओवर पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। सरिया से लदा ट्रेलर फ्लाईओवर पर पहले से खड़े ट्रेलर से पीछे से जा टकराया, जिससे ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बड़हलगंज की ओर से सरिया लादकर आ रहा ट्रेलर कहला फ्लाईओवर पर पहले से खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा सरिया आगे की ओर खिसक गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गगहा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर सद्दीक खान पुत्र हबीब उल्ला खान, निवासी अमीशंकरपुर, पोस्ट सांगीपुर, थाना उदयपुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
गगहा थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







