बोले- ‘एक गोली से सभी शीर्ष नेताओं को खत्म कर सकते हैं’
कहा- ऐसा नहीं करेंगे, वरना बातचीत के लिए कोई नहीं बचेगा; शोक कार्यक्रम के बीच बढ़ा अमेरिका-ईरान तनाव
वॉशिंगटन/तेहरान। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर तीखा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि यदि अमेरिका चाहे तो अंतिम संस्कार में मौजूद ईरान के शीर्ष नेतृत्व को “एक गोली” में निशाना बना सकता है, लेकिन ऐसा नहीं किया जाएगा क्योंकि फिर बातचीत के लिए कोई नहीं बचेगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का नेतृत्व अब समझौता करने के लिए उत्सुक है। उनके अनुसार, दोनों पक्षों ने अंतिम संस्कार की अवधि के दौरान वार्ता को अस्थायी रूप से एक सप्ताह के लिए स्थगित करने और इस दौरान कोई नया हमला नहीं करने पर सहमति बनाई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़ और शोक व्यक्त कर रहे लोगों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि ईरान के लोग खामेनेई को पसंद नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि यह “शायद नकली आंसू” भी हो सकते हैं।
उधर, ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। तेहरान में आयोजित अंतिम प्रार्थना सभा में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अंतिम संस्कार की रस्में कई दिनों तक चलेंगी और 9 जुलाई को मशहद में दफन के साथ संपन्न होंगी।
ट्रंप के बयान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ गया है। ईरानी पक्ष ने इन टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है, जबकि क्षेत्रीय हालात पर दुनिया की नजर बनी हुई है।








