उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के पाटन इलाके में सोमवार को सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव इंटर कॉलेज के पास मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
छात्रों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, बिहार-पुरवा मार्ग पर कोटवर गांव स्थित एक इंटर कॉलेज से करीब 500 मीटर पहले सड़क किनारे झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर स्कूल से लौट रहे छात्रों ने वहां देखा तो लगभग 35 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। छात्रों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर बिहार थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाया।
सिर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मृतका के सिर पर चोट के निशान और खून के धब्बे मिले हैं, जबकि शरीर पर अन्य कोई स्पष्ट चोट नहीं दिखाई दी। मृतका ने लाल रंग की टी-शर्ट और हरे-काले रंग का प्रिंटेड लोअर पहन रखा था। उसके बालों में काला हेयरबैंड भी लगा हुआ था।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला विवाहित थी या नहीं। चेहरे पर मिले चोट के निशान सड़क हादसे के हैं या किसी हमले के, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए शाम को पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच करने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल हत्या और दुर्घटना, दोनों कोणों से जांच जारी है।








