परिवार में मचा कोहराम
बीघापुर (उन्नाव)। उन्नाव जिले के बारासगवर थाना क्षेत्र में पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब 15 दिनों तक लखनऊ के निजी अस्पताल में उपचार चलने के बाद गुरुवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना से परिवार में शोक की लहर है।
लकड़ी तोड़ते समय हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, बारासगवर थाना क्षेत्र के बदियाखेड़ा गांव निवासी रामचंद्र (36) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 1 जुलाई को वह पेड़ पर चढ़कर लकड़ी तोड़ रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
लखनऊ में चल रहा था इलाज
हादसे के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए मोहनलालगंज (लखनऊ) स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। लगभग 15 दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार रात उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता, मां बिंदादेई समेत अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
बारासगवर थाना प्रभारी धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।







