वीडियो के आधार पर दो संदिग्ध हिरासत में
सफीपुर (उन्नाव)। आसीवन थाना क्षेत्र के शाहपुर सिधौरा गांव में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर सिधौरा गांव निवासी शिवपाल अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करते हैं। उनके गांव स्थित घर पर ताला लगा हुआ था। रविवार रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे बक्सों से करीब 50 हजार रुपये के जेवर, पीतल के बर्तन समेत लगभग एक लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान गांव के एक युवक ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसमें दो युवक चोरी का सामान बाइक के पास ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चोरी की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।







