पुरवा। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर तुसरौर गांव के पास शुक्रवार दोपहर ट्रक की टक्कर से लोडर खंती में चला गया। इस हादसे में लोडर चालक का दाहिना पैर टूट गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र के गड़रियन पुरवा निवासी सुरेश पाल (45) लोडर में सामान लादकर मौरावां जा रहे थे। तुसरौर गांव के पास सामने से सरसों की खली लादकर आ रहे ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। इससे लोडर खंती में जाकर पलट गया और चालक स्टीयरिंग में फंस गया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने जैसे-तैसे बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर सुरेश का दाहिना पैर टूटा होने के साथ गर्दन में गहरा घाव बताया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला है। ट्रक कब्जे में लिया गया है।







