उन्नाव। पुलिस की मनमानी से परेशान व्यापारी के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। बार-बार अनुरोध करने के बाद भी सुनवाई न होने से परेशान पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। बताया है कि सड़क हादसों में क्षतिग्रस्त और सीज किए गए वाहनों को पुलिस उनकी दुकान के सामने खड़े करा देती है। इससे व्यापार चौपट हो गया है।
गंगाघाट कोतवाली के एखलाक नगर निवासी अजय गुप्ता की जाजमऊ पुलिस चौकी के पास टाइल्स व सैनिटरी वेयर की दुकान है। पीड़ित के अनुसार पुलिस अक्सर दुर्घटनाग्रस्त व सीज किए गए वाहनों को उनकी दुकान के सामने खड़े करा देती है। बार-बार अनुरोध करने के बाद भी महीनों तक नहीं हटवाए जाते। इससे व्यापार चौपट हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।







