पुलिस ने शुरू की जांच
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के नासिरखेड़ा गांव स्थित एक प्लास्टिक कारखाने में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर के रायपुरवा निवासी अभिषेक राजपूत (20) पुत्र स्वर्गीय संतोष नासिरखेड़ा स्थित सागर के प्लास्टिक गोदाम में श्रमिक के रूप में कार्य करता था। वह अपनी मां राजकुमारी के साथ गोदाम के सामने छेद्दू के मकान में किराये पर रहता था।
सोमवार रात करीब 8:15 बजे कारखाने में काम के दौरान अभिषेक अचानक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना कारखाना संचालक ने पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से श्रमिक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।







