UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। इसी बीच प्रदेश में बड़े नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा मुख्यालय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती समेत कई नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। जानकारी के मुताबिक, कुल 52 लोगों को दो चरणों में सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट दी जानी हैं। इनमें से पहले चरण में 8 लोगों को जैकेट उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि दूसरे चरण में 44 लोगों को शामिल किया गया है। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, जैकेट का इस्तेमाल खासतौर पर रैलियों, रोड शो और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान किया जा सकता है।
यूपी में 98 लोगों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा
प्रदेश में फिलहाल करीब 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलग-अलग स्तर की सुरक्षा मिली हुई है। इनमें Y, Y+, Z और Z+ जैसी श्रेणियां शामिल हैं। संबंधित व्यक्ति के खतरे के आकलन और सुरक्षा श्रेणी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए जाते हैं। इस बार खास बात यह भी है कि प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों को पहली बार बुलेटप्रूफ सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा रहा है।
10 प्रमुख लोगों के पास Z श्रेणी की सुरक्षा
Z श्रेणी की सुरक्षा पाने वालों में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्र शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व विधायक संगीत सोम, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, स्वतंत्र देव सिंह और जयवीर सिंह को भी Z श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी भी इसी श्रेणी में आते हैं।
11 लोगों को मिली Z+ सुरक्षा
प्रदेश में 11 प्रमुख व्यक्तियों को Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इस सूची में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम शामिल है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री मुरली मनोहर जोशी, पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी Z+ सुरक्षा मिली हुई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुधीर अग्रवाल भी इस श्रेणी में शामिल हैं।
Y+ सुरक्षा में भी कई नाम
Y+ श्रेणी में सुरक्षा के साथ एस्कॉर्ट पाने वालों में प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, विधायक पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और फागू चौहान शामिल हैं। इसके अलावा महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, पूर्व डीजीपी और राज्यसभा सांसद बृजलाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह और विधायक पूजा पाल को भी एस्कॉर्ट के साथ Y+ सुरक्षा दी गई है। काशी के सतुआ बाबा का नाम भी इस सूची में शामिल बताया गया है।
चुनावी दौर में सुरक्षा पर खास नजर
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बड़े नेताओं की लगातार होने वाली रैलियों, जनसभाओं और रोड शो के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां भी अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है।





















