बलिया। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। अब गंगा नदी के रास्ते शराब की कथित तस्करी का मामला चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ड्रोन वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बलिया के नरही थाना क्षेत्र के उमरपुर दियारा इलाके से शराब की बड़ी खेप नाव के जरिए बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल ड्रोन फुटेज में कथित तौर पर कुछ लोग ट्रैक्टर से शराब की पेटियां नदी किनारे लाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पेटियों को पीले रंग की तिरपाल से ढककर रखा जाता है और फिर उन्हें सफेद बोरियों में पैक कर नाव पर लादने की तैयारी की जाती है। दावा है कि इसके बाद शराब की खेप गंगा नदी के रास्ते बिहार भेजी जानी थी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बक्सर पुलिस की ड्रोन निगरानी के दौरान रिकॉर्ड किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दियारा क्षेत्र पहले भी शराब, मवेशी और अन्य अवैध तस्करी की घटनाओं को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा के तटीय इलाकों में नियमित ड्रोन निगरानी, जल पुलिस की गश्त और उत्तर प्रदेश-बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान से ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
मामले में सीओ सदर अक्षय कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो पुराना प्रतीत हो रहा है। इसके बावजूद सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















