30 जुलाई के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार (29 जुलाई) को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 15 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 44 अन्य जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। इसी वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि 30 जुलाई से अगले चार से पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जिससे तापमान और उमस में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त के आसपास मानसून ट्रफ के फिर उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर व्यापक और अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
इन 15 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
- सोनभद्र
- लखीमपुर खीरी
- सहारनपुर
- शामली
- मुजफ्फरनगर
- मेरठ
- बिजनौर
- अमरोहा
- मुरादाबाद
- रामपुर
- बरेली
- पीलीभीत
- महोबा
- झांसी
- ललितपुर
इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ का मौसम
लखनऊ में मंगलवार को सुबह से दोपहर तक उमस भरी गर्मी रही, जबकि दोपहर बाद कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार से बारिश की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं, जिससे दिन में गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं।







