डायल 112 को थी मारपीट व कुंडल छीनने की सूचना
यूपी-112 की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, सीएचसी अलीगंज से हायर सेंटर रेफर; घर आने-जाने के विवाद से जोड़कर देखी जा रही घटना
दिलीप सिंह अलीगंज
अलीगंज/एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में अलीगंज-मैनपुरी रोड पर सड़क किनारे एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला का एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति के घर आना-जाना था। संबंधित व्यक्ति की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। प्रारंभिक जांच में कोतवाली अलीगंज पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर व्यक्ति की पुत्री और पुत्रवधू द्वारा महिला के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना के दौरान महिला के कुंडल छीनने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
महिला अभी भी बेहोशी की अवस्था में है, इसलिए उसके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस महिला के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
प्रभारी निरीक्षक बोले— जांच के बाद होगी कार्रवाई
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि महिला अलीगंज-मैनपुरी रोड स्थित एक गांव के बाहर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली थी। उसे तत्काल सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






