475 करोड़ की 139 परियोजनाओं की दी सौगात
जनपदवासियों के सुख-समृद्धि और समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
राणा प्रताप राय
धनघटा, संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को धनघटा तहसील स्थित ऐतिहासिक बाबा बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा तथा गोरखपुर जनपद की खजनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक गणेश चंद्र चौहान, विधायक श्रीराम चौहान, विधायक अंकुर राज तिवारी, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह एवं सुभाष यदुवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पूर्व बाबा बैजूनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत दर्शन-पूजन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अन्नप्राशन कार्यक्रम के तहत बच्चों को अन्न ग्रहण कराया और उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद भी दिया।
विकास को मिली नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनहित और गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध सरकार सत्ता में होती है, तब विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलती है। उन्होंने कहा कि 475 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़क संपर्क और औद्योगिक विकास के कारण क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। गीडा के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिला है।
विरासत संरक्षण और धार्मिक पर्यटन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। बाबा तामेश्वरनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, ग्रामीण संपर्क मार्ग, शिक्षा संस्थानों के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास पर व्यापक कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, काशी और विंध्य क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं, जिनसे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिली है।
लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मुख्यमंत्री को जनपद की एक जनपद-एक उत्पाद योजना के अंतर्गत बखिरा पीतल उद्योग से निर्मित श्रीराम दरबार की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिला महामंत्री गणेश पांडेय, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








