समाधान दिवस में ग्रामीणों ने की शिकायत
अयोध्या। तहसील रुदौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विकासखंड मवई की ग्राम पंचायत सिपहिया कोटवा के ग्रामीणों ने अंतिम मतदाता सूची-2026 से 204 पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2025 की अंतिम मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज थे। इसके बाद विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के दौरान प्रकाशित मतदाता सूची में भी उनके नाम शामिल रहे, लेकिन अंतिम मतदाता सूची-2026 जारी होने पर वार्ड संख्या 1 से 13 तक के करीब 204 मतदाताओं के नाम बिना पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण के हटा दिए गए।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पात्र मतदाताओं के नाम हटाया जाना निर्वाचन नियमों के विपरीत है और इससे गांव में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि वर्ष 2025 और 2026 की मतदाता सूचियों के तुलनात्मक परीक्षण में गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल किए जाने की मांग की है।
इस संबंध में प्रदीप कुमार, सुनील कुमार, सियावती, नाजमीन बानो, नाजरीन बानो, सुदामा, सबाना, परशुराम, नेहा, हासिम समेत अन्य ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की।
समाधान दिवस में शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच नायब तहसीलदार (मवई) को सौंपी गई है।
वहीं, हल्का लेखपाल ने इस संबंध में कहा कि इस मामले की जानकारी संबंधित एआरओ कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। दूसरी ओर, नायब तहसीलदार राज नारायण मौर्य ने बताया कि वे अस्वस्थ होने के कारण दो दिन के अवकाश पर हैं और उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है।








