राम मंदिर चढ़ावा विवाद के दौरान सीएम का जनपद में है दूसरा दौरा।
बीकापुर की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
अनिल मिश्रा
अयोध्या ! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 जुलाई को एक बार फिर अयोध्या जनपद के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह करीब आठ बजे विकासखंड सोहावल मुख्यालय पहुंचकर बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान के दिवंगत पिता स्व. मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की दर्जनों विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।उनके अयोध्या धाम पहुंचकर श्रीरामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।राममंदिर चढ़ावा विवाद के बीच मुख्यमंत्री का यह अयोध्या जनपद में दूसरा दौरा माना जा रहा है। इससे पूर्व रुदौली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने चढ़ावा प्रकरण पर कहा था कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और “15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।इसके बाद एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में धनराशि बरामद की। हालांकि मामले की जांच अभी भी जारी है और जांच एजेंसियां इससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम को लेकर सतर्क हैं और जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।








