-पुलिस, राजस्व व पशु पालन विभाग की टीम जांच में जुटी
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के बेला बस्ती में बुधवार देर रात आवारा कुत्तों के हमले से लाखों रुपये कीमत की लगभग 40 भेड़ों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गईं। घटना से पशुपालक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। सूचना पर पुलिस, राजस्व एवं पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू की।
बेला बस्ती निवासी पीड़ित पशुपालक पिंटू उर्फ श्रवण कुमार पुत्र गंगा राम ने बताया कि उनके पास कुल 82 भेड़ें थीं। बुधवार रात सभी भेड़ों को बाड़े में रखा गया था। देर रात अचानक भेड़ों के चिल्लाने और भगदड़ की आवाज सुनकर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि आवारा कुत्तों का झुंड भेड़ों पर हमला कर रहा है। इस पर उन्होंने जब तक कुत्तों को भगाया, तब तक लगभग 40 भेड़ें मर चुकी थीं। जबकि कई अन्य घायल हो गई थीं।
घटना की सूचना पर बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उधर जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की ओर से पहुंचे लेखपाल रोहित यादव ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
घटना की जानकारी पर उप जिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बेला ग्राम प्रधान राकेश सिंह चैहान, शीलू कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं पशुपालन विभाग की ओर से पहुंचे डॉ. सौरभ भारतीय, डॉ. प्रमोद राजपूत, डॉ. दिग्विजय सिंह, वीपीएच शिवपाल सिंह कश्यप, पंकज एवं पशुधन मित्र वरुण कुशवाहा, एमटीपी अजय कुमार, अरुण कुमार तथा चालक अमरीश कुमार शामिल रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि बेला क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रात के समय कुत्तों के झुंड गांव और खेतों में घूमते रहते हैं। जिससे पशुधन और लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा पीड़ित पशुपालक को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
आवारा कुत्तों के हमले से लाखों रुपये कीमत की 40 भेड़ों की मौत







