औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन गल्ला मंडी समिति में मंगलवार शाम करंट लगने से एक पल्लेदार की मौत हो गई। चाय की दुकान के बाहर रखे कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात निवासी मुकेश (27) पुत्र रामप्रकाश औरैया की नवीन मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। मंगलवार शाम वह मंडी परिसर में स्थित एक चाय-पान मसाला की दुकान पर पहुंचा। दुकान के बाहर रखे कूलर के पास बैठते समय किसी तरह उसका शरीर कूलर से छू गया। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से वह बेहोश होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत मुकेश को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








