हरदोई। गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरदोई जिले के थाना पचदेवरा क्षेत्र के सपाभापुर गांव के पास सिद्धार्थनगर से दिल्ली और नोएडा जा रही डबल डेकर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार सुबह करीब तीन बजे हुई। बस में सिद्धार्थनगर के विभिन्न क्षेत्रों के लोग, नौकरीपेशा यात्री और छात्र सवार थे। यात्रियों ने बताया कि सपाभापुर गांव के पास बस के सामने अचानक एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा एक्सप्रेस-वे से करीब 10 फीट नीचे खेत में पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए शाहजहांपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के सामने अचानक वाहन आने और चालक द्वारा लगाए गए आपातकालीन ब्रेक को माना जा रहा है।








