पेट्रोल भरवाने जाते समय हुआ हादसा
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव-कपसेठी बाइपास मार्ग पर गजापुर के पास रविवार सुबह करीब 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार प्याज लदी पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पिकअप में फंस गई और कुछ दूर तक घसीटती चली गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन को रोककर चालक इंद्रजीत वर्मा निवासी असवालपुर, थाना फूलपुर को हिरासत में ले लिया तथा वाहन को कब्जे में कर लिया। पुलिस दोनों घायलों को तत्काल बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शेरवानीपुर निवासी सतीश (24) और पतेर गांव निवासी मूलचंद (25) घनिष्ठ मित्र थे। दोनों एक ही बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। जैसे ही वे गजापुर पेट्रोल पंप के पास मुड़े, कुरू की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक मूलचंद विवाहित था और उसका एक वर्ष का पुत्र है। उसके पिता चंद्रभान ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। मूलचंद दो भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं सतीश अविवाहित था। उसके पिता जगन्नाथ मजदूरी करते हैं और वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
दोनों युवक टेंट का काम करते थे और रविवार सुबह घर से कुरू जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं।








