जनसुविधा मेले में उमड़ी भीड़
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के प्रथम बार गृह जनपद सुलतानपुर आगमन पर सोमवार को विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अमहट, पयागीपुर चौराहा और पैतृक गांव सरैया पूरे सांऊ (ब्लॉक दूबेपुर) में समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
पैतृक गांव में युवाओं ने बुलडोजर पर सवार होकर पुष्पवर्षा कर मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डिंपल सिंह, व्यापारी नेता रवींद्र त्रिपाठी, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी, डॉ. डी.एस. मिश्रा तथा कोटेदार संघ के पदाधिकारियों ने बड़ी माला पहनाकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने अपने माता-पिता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद आयोजित जनसुविधा मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। मेले में लोगों की भारी भीड़ रही और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।








