बाराबंकी। जिले की सभी छह तहसीलों में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील नवाबगंज में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम एवं जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान आदमपुर बुधवारा निवासी संतराम ने चकमार्ग की दोबारा पैमाइश कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकमार्ग की पैमाइश के साथ उसकी तत्काल पटाई भी कराई जाए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने कहा कि केवल अतिक्रमण हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चकमार्ग को उपयोग योग्य बनाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
डीएम ने राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर सरकारी रास्तों और चकमार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने भूमि विवाद, सरकारी रास्तों, राशन कार्ड, पेंशन, आवास और अन्य जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश भी दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसीलवार प्राप्त शिकायतों और मौके पर हुए निस्तारण का विवरण इस प्रकार रहा—
- नवाबगंज: 208 शिकायतें, 20 का निस्तारण
- रामसनेहीघाट: 72 शिकायतें, 9 का निस्तारण
- हैदरगढ़: 81 शिकायतें, 2 का निस्तारण
- रामनगर: 44 शिकायतें, 7 का निस्तारण
- फतेहपुर: 41 शिकायतें, 6 का निस्तारण
- सिरौलीगौसपुर: 29 शिकायतें, 8 का निस्तारण
जिले की सभी छह तहसीलों में कुल 475 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 52 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।








