पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
लखनऊ/चंदौली, 11 जुलाई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने चंदौली में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मंदिर का शिखर गिरने से एक कर्मचारी की मलबे में दबकर हुई मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस घटना को प्रशासन और ठेकेदार की घोर लापरवाही का परिणाम बताया।
अजय राय ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर मंदिरों को तोड़ना और आस्था का अपमान करना सरकार की गलत सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और क्या इस मामले में किसी की जवाबदेही तय होगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।







