चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया चौराहे पर शुक्रवार को पिकअप चालक के साथ बुलेट सवार युवकों द्वारा मारपीट और शस्त्र प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस ने जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में बलुआ थाने में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अवैध शस्त्र भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








