Gonda: , संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
गोंडा। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली से पूर्व जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को स्वच्छता बनाए रखने, संचारी रोगों से बचाव तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए और जनभागीदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर निकाय, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा एवं अन्य विभागों के समन्वय से संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट से निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर “स्वच्छ रहो, स्वस्थ रहो”, “मच्छर भगाओ, बीमारी मिटाओ” और “घर-आंगन साफ रखो, बुखार दूर भगाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. सी.के. वर्मा, डीसीपीएम डॉ. आर.पी. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं एससीपीएम कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








