सपा पर भी साधा निशाना
उन्नाव। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बीच पुरवा विधानसभा से भाजपा विधायक अनिल सिंह का एक बयान चर्चा में है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कथित चोरों और समाजवादी पार्टी पर तीखी टिप्पणी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा कि “जिन लोगों ने राम मंदिर में चोरी की होगी, उन्हें कैंसर हो जाएगा और एक साल के भीतर भगवान उन्हें सजा-ए-मौत देंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी करने वालों को भाजपा सरकार कानून के तहत ऐसा दंड दिलाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि घरों में होने वाली चोरी भी कई बार अपने ही लोगों द्वारा की जाती है, लेकिन राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी करने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा के लोग जमीन कब्जाने, राशन में गड़बड़ी करने और गरीबों का हक छीनने का काम करते रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए अनिल सिंह ने कहा कि जो लोग रामलला के दर्शन करने नहीं गए, वे अब सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर रामनगरी बनाने की बात कर रहे हैं।
भाजपा विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
नोट: कैंसर होने या “भगवान द्वारा सजा-ए-मौत” मिलने संबंधी टिप्पणी भाजपा विधायक अनिल सिंह का व्यक्तिगत बयान है। इसका कोई वैज्ञानिक या आधिकारिक आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है।








