13.73 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला
पीडीडीयू नगर। रेलवे की ओर से यात्री सुविधाओं में लगातार विस्तार और ट्रेनों की संख्या बढ़ाए जाने के बावजूद बिना टिकट यात्रा करने की प्रवृत्ति कम नहीं हो रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) रेल मंडल में चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में 2,29,968 बेटिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे 13 करोड़ 73 लाख 41 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक है।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, एक अप्रैल से 30 जून के बीच पूर्व मध्य रेलवे के पांचों मंडलों के स्टेशनों से 6 करोड़ 65 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिससे रेलवे को 1,438 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पिछले वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में 14.44 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, पूर्व मध्य रेलवे में इस अवधि के दौरान बेटिकट यात्रियों के खिलाफ चलाए गए विशेष जांच अभियान में कुल 73 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15.11 प्रतिशत अधिक है।
यदि केवल पीडीडीयू मंडल की बात करें तो पिछले वर्ष अप्रैल से जून के बीच 2,26,268 बेटिकट यात्री पकड़े गए थे, जिनसे 11 करोड़ 21 लाख 6 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया था। इस वर्ष पहली तिमाही में जुर्माने की राशि बढ़कर 13 करोड़ 73 लाख 41 हजार रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2 करोड़ 52 लाख 34 हजार 700 रुपये अधिक है।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेटिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी अभियान के चलते बड़ी संख्या में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री पकड़े जा रहे हैं और चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में पिछले वर्ष की तुलना में करीब ढाई करोड़ रुपये अधिक जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटिकट यात्रियों के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








