औरैया। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के हरचंदापुर गांव में शुक्रवार दोपहर फर्राटा पंखे में करंट उतरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, हरचंदापुर निवासी गंगाश्री (60) पत्नी लाखन सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर के कमरे में काम कर रही थीं। इसी दौरान उनका हाथ कमरे में रखे फर्राटा पंखे के संपर्क में आ गया। पंखे में करंट आने के कारण वह उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गंगाश्री अपने पीछे पति लाखन सिंह, तीन पुत्र—विमलेश कुमार, छबिराम और मलखान सिंह तथा चार पुत्रियां—कमला, रेनू, बबीता और अंजली को छोड़ गई हैं।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण पंखे में करंट उतरना माना जा रहा है।








