घर के बाहर काम करते समय विद्युत केबल में उतरे करंट ने ली जान, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बाराबंकी। रामसनेहीघाट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पूरे अहिरन मजरे सकौली गांव की है, जहां घर के बाहर काम कर रहे किशोर की विद्युत केबल में उतरे करंट की चपेट में आने से जान चली गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, पूरे अहिरन मजरे सकौली गांव निवासी शिवांश यादव (14) पुत्र धारानाथ यादव शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर के बाहर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान वह विद्युत केबल में उतरे करंट की चपेट में आ गया। घटना के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी, जिससे केबल में करंट उतर आने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल शिवांश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता धारानाथ यादव ने बताया कि उनका बेटा सुबह घर के बाहर काम कर रहा था, तभी अचानक विद्युत केबल में करंट आने से हादसा हो गया। वहीं, चचेरे भाई चंद्रशेखर यादव ने बताया कि बारिश के दौरान केबल में करंट उतर आया था। जब तक लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने की कोशिश करते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने पुष्टि की कि किशोर को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।








