आकाशवाणी भवन में जबरन प्रवेश का आरोप; कई अन्य नेताओं पर भी केस
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य नेताओं के खिलाफ आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई सांसद और अन्य प्रदर्शनकारी आकाशवाणी कार्यालय में जबरन दाखिल हुए। यह घटनाक्रम छह अक्तूबर को इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रदर्शन के दौरान हुआ था।
प्रदर्शनकारी नेता चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताते हुए मार्च कर रहे थे। इसके बाद बड़ी संख्या में नेता और समर्थक आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की थी और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ किन-किन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आएगी।
पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम से संबंधित तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है। एफआईआर में नामजद अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।





















