चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को चंदौली जिले में विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित इस कैंप में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास फार्म-6 भरकर देना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विशेष कैंप का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान उन युवाओं और नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान में आवेदन के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान भरे जाने वाले घोषणा पत्र की तरह घोषणा पत्र भरना अनिवार्य नहीं है। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन संबंधी अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित फार्म का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाता सूची से किसी नाम को हटाने के लिए फार्म-7 और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा निवास स्थान बदलने के कारण मतदाता सूची में नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि पात्र होने के बावजूद उनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वे विशेष कैंप में संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची में उनका पंजीकरण कराया जा सके।





















