देवखरी के पास स्लीपर बस ने डिवाइडर पार कर कार को मारी टक्कर, परिवार में मचा कोहराम; बस चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
गोरखपुर। वृंदावन दर्शन के लिए निकला श्रद्धालुओं का सफर बुधवार तड़के दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के देवखरी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गोरखपुर की एक महिला और उसकी बेटी सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर के खलीलाबाद से श्रद्धालु कार से वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे लखनऊ की ओर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के करतहरी गांव निवासी अंजू (40), उनकी सात वर्षीय बेटी अमृता, संतकबीरनगर निवासी प्रिया (40) और उनके पिता धुनमुन (61) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, अंजू और उनके पति राजेश ने प्रेम विवाह किया था और पिछले करीब आठ वर्षों से खलीलाबाद में रह रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही करतहरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार पर टूटे इस दुख के पहाड़ से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। इसी कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
#Gorakhpur, #UnnaoAccident, #AgraLucknowExpressway, #RoadAccident, #VrindavanYatra, #UPNews








