श्रावस्ती के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, भिनगा में सोमवार को ‘एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में एम्स गोरखपुर, यूनिसेफ और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जिले में कार्यक्रम की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में श्रावस्ती का प्रदर्शन प्रदेश में बेहतर रहा है। उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन को बनाए रखने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी जरूरी है।
बैठक में गर्भवती, धात्री और गैर-गर्भवती गैर-धात्री महिलाओं को आयरन की गोलियां उपलब्ध कराने के साथ उनके नियमित सेवन की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप उपलब्ध कराने और समय पर रिपोर्टिंग करने को कहा गया। दवाओं की आपूर्ति के लिए डीवीडीएमएस पोर्टल तथा रिपोर्टिंग के लिए एचएमआईएस पोर्टल का सही और नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों को कार्यक्रम की गुणवत्ता बनाए रखने और जरूरतमंद लोगों तक समय से सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदयनाथ, यूनिसेफ के प्रतिनिधि अनुराग सिंह समेत अन्य हेल्थ पार्टनर्स मौजूद रहे। बैठक के जरिए जिले में एनीमिया की रोकथाम के लिए चल रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।





















