ऑपरेशन समय पालन के तहत पूर्व मध्य रेल की कार्रवाई, 4.39 लाख रुपये जुर्माना वसूला; महिला कोच में सफर करने वाले 25 पुरुष यात्रियों पर भी कार्रवाई
हाजीपुर/पीडीडीयू नगर। ट्रेनों को बिना उचित कारण चेन पुलिंग कर बीच रास्ते में रोकने वालों के खिलाफ पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने सख्ती की है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत अक्टूबर माह में विभिन्न रेलखंडों से ऐसे 1014 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 39 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
पूर्व मध्य रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेनों का परिचालन समयबद्ध बनाए रखने और अनावश्यक विलंब पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत विशेष निगरानी की जा रही है। एक से 31 अक्टूबर तक चलाए गए अभियान के दौरान बिना पर्याप्त कारण चेन पुलिंग कर ट्रेनों को रोकने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई। पकड़े गए लोगों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।
मंडलवार आंकड़ों के मुताबिक, इस अभियान में सबसे अधिक 515 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गए। वहीं समस्तीपुर मंडल में 180, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 136, सोनपुर मंडल में 116 और धनबाद मंडल में 67 लोगों को हिरासत में लिया गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अनावश्यक चेन पुलिंग से न केवल संबंधित ट्रेन का परिचालन प्रभावित होता है, बल्कि पीछे चलने वाली अन्य ट्रेनों के समय पर भी इसका असर पड़ता है। यात्रियों से अपील की गई है कि आपात स्थिति में ही चेन पुलिंग का इस्तेमाल करें।
महिला कोच में सफर करने वाले 25 पुरुष यात्रियों पर कार्रवाई
महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व मध्य रेल में ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा’ के तहत भी विशेष अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत अक्टूबर माह में विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करते हुए 25 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया। इनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 162 के तहत कार्रवाई करते हुए 23 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला कोच में पुरुष यात्रियों का अनधिकृत प्रवेश नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आगे भी अभियान जारी रहेगा।





















