लोकनृत्य और लोकगीत में चहनियां विकासखंड का दबदबा, चित्रकला, कविता लेखन व नुक्कड़ नाटक के विजेता हुए सम्मानित
चंदौली। ग्रामीण युवाओं में सांस्कृतिक अभिरुचि विकसित करने और प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां के सभागार में किया गया। उत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों के अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विकासखंड के खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि कला जीवन को सुंदर और सुगम बनाने का सशक्त माध्यम है। कलाकार अपनी अनुभूतियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान किया।
उत्सव में किशोरी सशक्तीकरण और महिलाओं के हुनर को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी की सराहना करते हुए बालिकाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ शिल्प कला में भी दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिताओं के दौरान लोकनृत्य और लोकगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। निर्णायक मंडल में सकलडीहा पीजी कॉलेज के हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय और राजनीति शास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनिल तिवारी शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में लोकनृत्य में चहनियां विकासखंड के कैली स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम और नियामताबाद विकासखंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में चहनियां विकासखंड दूसरे स्थान पर रहा। चित्रकला में गौरव कुमार ने प्रथम और निहारिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कविता लेखन में नौगढ़ विकासखंड के अभिषेक चौबे प्रथम तथा सदर विकासखंड की सोनम कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, नुक्कड़ नाटक में सकलडीहा विकासखंड की टीम ने प्रथम और सदर विकासखंड की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय लोकगीत कलाकार राम यादव तथा लोकगीत कलाकार एवं सैदपुर के ग्राम प्रधान कौशल सिंह ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी युवा उत्सव श्वेतांक मिश्रा और सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनिश सिंह, रजनीश कुमार पांडेय, राजन कुमार, राहुल कुमार वर्मा, सौरभ सिंह, कनिष्ठ सहायक अजीत कुमार सहित पीआरडी जवान और अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





















