किया वृहद वृक्षारोपण
अम्बेडकरनगर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को लेकर संत द्वारिका महाविद्यालय, कोटवा महमदपुर में रविवार को वृक्षारोपण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रैली के बाद महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और स्वस्थ जीवन का आधार हैं, इसलिए सभी को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य रोहित राम ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाली बढ़ाना, पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखना और वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर आदित्य नारायण पटेल, मिथलेश पांडेय, वेद प्रकाश, सीमा और डॉ. मनोज सोनी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








