कई विपक्षी नेता हाउस अरेस्ट, चार हिरासत में
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले जिले में पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेताओं को उनके आवासों पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। वहीं समाजवादी पार्टी के चार नेताओं को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली भेज दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई के तहत समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवम पांडे, सपा नेता राजू चौधरी, कांग्रेस नेता वरुण मिश्रा, समाजवादी पार्टी के शहर विधानसभा अध्यक्ष गुफरान अहमद ‘सैफी’, सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद, अमरीश कांत गौतम, नौशाद कुरैशी और सुलतान खान को उनके आवासों पर पुलिस निगरानी में रखा गया।
बाद में पुलिस ने शहजाद अहमद, अमरीश कांत गौतम, नौशाद कुरैशी और सुलतान खान को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली पहुंचाया।
पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संभावित विरोध-प्रदर्शन को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई एहतियातन की गई है।
वहीं, विपक्षी दलों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। फिलहाल जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।








