सुल्तानपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राज प्रसाद (राजबाबू) उपाध्याय रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान हादसे का शिकार हो गए। कार्यक्रम स्थल पर जमीन पर फैले बिजली के तार में पैर फंस जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े।
हादसे में विधायक के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि उनका कंधा भी खिसक गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थिएटर (OT) में शिफ्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ ही देर पहले विधायक ने अमहट में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय का स्वागत किया था। इसके बाद वे मंत्री के साथ उनके पैतृक गांव कतकौली, दूबेपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ।
फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की अस्पताल में भीड़ जुटी हुई है।








