चंदौली। घर से जहरीला सांप निकालने पहुंचे एक सपेरे की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना बलुआ थाना क्षेत्र के छपरा गांव की है, जहां सांप पकड़ने के दौरान 37 वर्षीय राकेश कुमार को नाग ने दो बार डस लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकलडीहा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सराय बलुआ गांव निवासी राकेश कुमार लंबे समय से सांप पकड़ने और घरों से जहरीले सांप निकालने का काम करते थे। आसपास के इलाकों में किसी के घर सांप निकलने की सूचना मिलती थी तो वह उसे पकड़ने के लिए पहुंच जाते थे। इसी क्रम में वह छपरा गांव में एक घर से सांप निकालने गए थे। सांप पकड़ने के दौरान ही उसने राकेश को दो बार डस लिया। इसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
पहले दवा दी, फिर अस्पताल ले गए परिजन
सांप के डसने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राकेश को बचाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में उन्हें होम्योपैथिक दवा दी गई, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी सकलडीहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सपेरे की मौत से गांव में शोक
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दूसरों को जहरीले सांपों से बचाने के लिए हमेशा तैयार रहने वाले राकेश की इस तरह मौत होने से ग्रामीण भी दुखी हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




















