चुनाव कार्यक्रम घोषित, 10 जुलाई से शुरू होगी प्रक्रिया; 26 को मतगणना और एक अगस्त को होगा शपथ ग्रहण
रायबरेली। सिविल कोर्ट स्थित सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का औपचारिक आगाज हो गया है। एल्डर्स कमेटी ने सोमवार को विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए चुनावी प्रक्रिया की तिथियों की घोषणा कर दी। कार्यक्रम घोषित होते ही बार परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। मतदान 25 जुलाई को होगा, जबकि 26 जुलाई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण 1 अगस्त को आयोजित होगा।
एल्डर्स कमेटी के अनुसार 10 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची पर 13 जुलाई सायं चार बजे तक आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद 14 जुलाई सायं तीन बजे तक सभी आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के तहत 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र वितरित किए जाएंगे। 16 एवं 17 जुलाई को विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल होंगे। 18 जुलाई को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच के साथ प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके बाद 20 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी। 25 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 26 जुलाई को अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी और विजयी पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। इसके उपरांत 1 अगस्त को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर नई कार्यकारिणी को विधिवत कार्यभार सौंपा जाएगा।
एल्डर्स कमेटी ने सभी अधिवक्ताओं से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए संभावित उम्मीदवारों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है और सिविल कोर्ट परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माने लगा है।
एक नजर में चुनाव कार्यक्रम
10 जुलाई : मतदाता सूची का प्रकाशन
13 जुलाई : आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि
14 जुलाई : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
15 जुलाई : नामांकन पत्रों का वितरण
16-17 जुलाई : नामांकन
18 जुलाई : नामांकन पत्रों की जांच
20 जुलाई : नाम वापसी व अंतिम सूची
25 जुलाई : मतदान
26 जुलाई : मतगणना
1 अगस्त : शपथ ग्रहण समारोह
सेंट्रल बार एसोसिएशन चुनाव का बिगुल बजा, 25 जुलाई को मतदान









